फर्रुखाबाद में राेडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद में राेडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत


फर्रुखाबाद ,15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में बुधवार को रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 19 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कमालगंज थाना क्षेत्र के रजीपुर का निवासी था।

कृष्णा पिछले दो महीने से फर्रुखाबाद शहर के चांदपुर में अपने मौसा सुरजीत के यहां रह रहा था और एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी में काम करता था। एक महीने पहले ही उसके पिता लालू (ई-रिक्शा चालक) और मां सोनी भी शहर आ गए थे।* कृष्णा ने महज एक महीने पहले ही किस्तों पर यह बाइक खरीदी थी। अपने दो भाइयों में वह बड़ा था। परिजनों के अनुसार, कृष्णा सुबह करीब 9 बजे अपनी बाइक का पंचर बनवाने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक न लौटने पर उन्हें एक्सीडेंट की सूचना मिली। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो वहां काफी खून पड़ा था। कृष्णा को तुरंत लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story