फर्रुखाबाद पुलिस ने तीन जुआरियाें काे किया गिरफ्तार, नकदी व 8 बाइक बरामद

WhatsApp Channel Join Now

फर्रुखाबाद, 24 जुलाई( हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने आम के बाग में छापा मार कर तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है।

पुुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक उमेश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि चरन सिंह के आम के बाग में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाग की घेराबंदी कर पेड़ों की आड़ से निगरानी की और पुष्टि होने पर छापा मार दिया। गिरफ्तार आरोपिताें ने पूछताछ में अपने नाम आलोक पुत्र अजीत सिंह निवासी मांझगांव पूर्व, देवेश पुत्र बाकेलाल निवासी होतेपुर तथा लईक पुत्र फारुख खां निवासी मांझगांव पूर्व, थाना कम्पिल बताए जबकि कई माैके से भाग गए।

तलाशी के दौरान आरोपिताें के कब्जे से क्रमशः 750 रुपये, 500 रुपये और 550 रुपये नकद, ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर खड़ी आठ मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी का कहना है कि फरार आरोपिताें की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। क्षेत्र में अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story