सरकारी खरीद के दावों पर भारी किसानों की बेबसी, 11 दिन से धान तौल का इंतजार
फर्रुखाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बिचौलियों के शोषण से बचाने के लिए संचालित सरकारी धान खरीद केंद्रों की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कायमगंज मंडी समिति स्थित धान खरीद केंद्र पर अपनी उपज बेचने पहुंचे किसानों को 10 से 11 दिन तक तौल के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। खरीद की धीमी रफ्तार और बारदाने की कमी की शिकायतों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात यह हैं कि धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कई दिनों तक मंडी परिसर में खड़ी रहती हैं और किसान खुले आसमान के नीचे अपनी मेहनत की कमाई की रखवाली करने को मजबूर हैं।
किसानों का आरोप है कि खरीद केंद्र की वास्तविक तौल क्षमता का आकलन किए बिना टोकन जारी कर दिए जाते हैं। टोकन मिलने के बाद किसान धान लेकर मंडी पहुंचते हैं, लेकिन वहां उन्हें अपनी बारी के लिए कई-कई दिन इंतजार करना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली का किराया और अन्य खर्च भी बढ़ रहे हैं। किसानों के मुताबिक केंद्र पर प्रतिदिन करीब 100 क्विंटल धान की तौल हो पा रही है, जबकि आवक इससे कहीं अधिक है। ऐसे में मंडी परिसर में किसानों की कतार लगातार लंबी होती जा रही है।
शिकायतकर्ताओं के नाम दें, कराएंगे जांच
इस मामले में जिला विपणन अधिकारी रोली सिंह ने कहा कि यदि आरोप किसी विशेष व्यक्ति से संबंधित हैं तो उसकी जांच कराई जा सकती है। जिन लोगों की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं, उनके नाम और विवरण व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध कराने होंगे, ताकि मामले की पड़ताल कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान और बाजरे की खरीद नियमानुसार की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

