गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग काे लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद, 27 जुलाई (हि. स.)।
गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण में सोमवार को फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डाॅक्टर अंकुर लाठर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को 4.5 लाख हस्ताक्षरों वाला प्रार्थना-पत्र सौंपा गया।
आयोजकों ने बताया कि पिछले लगभग 6 माह से देशभर के संतों, गोसेवकों एवं गोभक्तों के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से संपूर्ण भारत में गोहत्या-निषेध हेतु केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, केंद्रीय गो-चारा नीति का निर्माण सहित कृषि, चिकित्सा, पर्यावरण, शिक्षा एवं मानव जीवन से जुड़े 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी गई हैं।
कार्यक्रम का शुभारम्भ गोमाता पूजन, शंखनाद एवं श्री राम जय राम जय जय राम विजय मंत्र के सामूहिक जप के साथ हुआ। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर और प्लेकार्ड के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचे।
यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के स्वरूप, गोमाता की झांकी और हस्ताक्षरों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। संत-महात्माओं, जिला कार्यकारिणी एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
अभियान प्रतिनिधियों ने बताया कि गोमाता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सरकार से गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

