फर्रुखाबाद में गणेश महोत्सव की रही धूम,गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा परिसर
-जहानगंज में जनसेवक अभय सिंह को किया गया सम्मानित
फर्रुखाबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले भर में मंगलवार को गणेश महोत्सव की धूम रही। जहानगंज में चल रहे भव्य गणेश महोत्सव के आठवें दिन कार्यक्रम परिसर में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। गणपति बप्पा के जयकारों के साथ शुरू हुए धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और परिवारों ने पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना की। वृंदावन से पहुंचे आचार्य त्रिलोक चंद्र ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान से रुद्राभिषेक संपन्न कराया।
रुद्राभिषेक के दौरान दूध, दही, घी, शहद और जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। डॉ. जय कटियार, डॉ. संजय कटियार और डॉ. गौरव कटियार ने अपने परिवार सहित रुद्राभिषेक में हिस्सा लिया। भाजपा नेता एवं जनसेवक अभय सिंह ने भी पूरे समय रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान शिव की आराधना की। इसके बाद उन्होंने पूरे पंडाल में पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच पुष्प वर्षा की।
कार्यक्रम के दौरान भव्य आतिशबाजी से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। बड़ी संख्या में माताएं और बहनें भी देर रात तक महोत्सव में मौजूद रहीं। इस दौरान अभय सिंह ने कहा कि आज माताएं-बहनें रात में भी धार्मिक आयोजनों में जिस तरह शामिल हो रही हैं, वह सुरक्षा के माहौल को दर्शाता है। उन्होंने योगी सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के प्रयासों पर ध्यान रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर कमेटी की ओर से डॉ. संजय कटियार, नरेंद्र कटियार और धीरज कटियार ने अभय सिंह, डॉ. गौरव कटियार और डॉ. जय कटियार को सम्मानित किया। वहीं पत्रकार बॉबी दुबे, कन्हैया चतुर्वेदी, अनूप दुबे और पुष्पेंद्र राठौर को भी सम्मानित किया गया।गणेश महोत्सव को सफल बनाने में सोहित कटियार, धीरज कटियार, डॉ. संजय कटियार, साजन सक्सेना, सुमित प्रजापति, पवन कटियार, राजा दुबे, राजा सक्सेना और अमित प्रजापति समेत आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। रुद्राभिषेक, मंत्रोच्चार, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के बीच आठवें दिन का आयोजन श्रद्धा और उल्लास से सराबोर रहा। इसी तरह जिले भर में गणेश पूजन का दौर जारी रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

