भाकियू ने बाढ़ से प्रभावित सड़काें-पुलियाें की मरम्मत के लिए एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,चेतावनी भी दी

WhatsApp Channel Join Now
भाकियू ने बाढ़ से प्रभावित सड़काें-पुलियाें की मरम्मत के लिए एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,चेतावनी भी दी


-गंगा-रामगंगा के कटान से ग्रामीणों पर दोहरी मार, जर्जर रास्तों से किसान परेशान और स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ीं

फर्रुखाबाद, 15 अक्टूबर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी अमृतपुर तहसील और राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र में बाढ़ से करीब 50 सड़क मार्ग और पुलियां जर्जर हैं। किसानों को खेतों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है तो स्कूली बच्चों के सामने समय से विद्यालय पहुंचने की चुनौती खड़ी है। दूसरी ओर गंगा और रामगंगा नदियों के कटान से कई गांवों पर संकट गहराया है।

क्षेत्र की इन गंभीर समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अखंड के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोमवंशी के नेतृत्व में पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम को क्षेत्र की समस्याओं से बिंदुवार अवगत कराया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राजेश कुमार उर्फ बबलू दीक्षित ने बताया कि अमृतपुर तहसील और राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र में भीषण बाढ़ के कारण लगभग 50 सड़क मार्ग और पुलियां बदहाली की स्थिति में पहुंच गई हैं। कई रास्ते पहले से ही क्षतिग्रस्त थे, लेकिन बाढ़ के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई। नतीजतन ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी जोखिम भरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। जगह-जगह जर्जर सड़कें और टूटी पुलिया दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही हैं।

अधिकारियों की उदासीनता पर उठाए सवाल

भाकियू पदाधिकारियों का कहना था कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों और पुलियों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने, कटान प्रभावित गांवों की समस्याओं का समाधान करने तथा किसानों को राहत दिलाने की मांग की। साथ ही पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान बबलू यादव, आशीष यादव, सर्वेश सिंह, इंतजार खां, सुनील गिहार, अवधेश सोमवंशी, मनोज सिंह परमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story