फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी ने मंडी समिति सातनपुर पहुंच कर देखी स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, एसपी रहीं साथ

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी ने मंडी समिति सातनपुर पहुंच कर देखी स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, एसपी रहीं साथ


फर्रुखाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन संबंधी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार काे जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से सदर तहसील के बढ़पुर विकासखंड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति, सातनपुर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंडी परिसर में प्रस्तावित निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं निर्वाचन संपन्न होने के उपरांत उनकी वापसी, ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव के लिए स्ट्रांग रूम तथा निर्वाचन प्रक्रिया में प्रयुक्त होने वाले अन्य स्थलों की उपलब्धता एवं स्थिति का गहनता से अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए मंडी परिसर में निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का अभी से आकलन कर लिया जाए तथा जिन स्थानों पर मरम्मत, निर्माण अथवा अन्य सुधार कार्य कराए जाने की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान पोलिंग पार्टियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रवानगी एवं वापसी की व्यवस्था सुव्यवस्थित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात योजना के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story