फर्रुखाबाद के पांचाल घाट में उतराती मिलीं सैकड़ाें मरी मछलियां
फर्रुखाबाद, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के थाना कादरीगेट क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पांचालघाट पर शुक्रवार काे गंगा किनारे एक बड़े गड्ढे मे अचानक बड़ी संख्या में मृत मछलियां उतराती मिलीं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक किसी कारणवश इस गड्ढे की ओर आने वाले पानी का बहाव रुक गया था, जिससे भारी संख्या में मछलियां इसी क्षेत्र में फंसी रह गईं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि लगातार पानी रुके रहने और तेज धूप के कारण पानी अत्यधिक गर्म हो गया होगा, जिससे मछलियों के अनुकूल वातावरण नहीं रहा। वहीं दूसरी ओर, पर्यावरणविदों और कुछ जानकारों का कहना है कि सिर्फ पानी गर्म होने से इतनी बड़ी तादाद में अचानक मछलियां नहीं मर सकतीं। आशंका है कि इस ठहरे हुए पानी में कोई जहरीला रसायन या प्रदूषित तत्व मिल गया हो, जिससे ऑक्सीजन का स्तर शून्य हो गया। हालांकि, इस संबंध में अभी प्रशासन या मत्स्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा ने बताया कि गड्ढे में पानी गर्म हाेने की वजह से मछलियां मर सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

