खाना बनाते समय फर्राटा पंखे में उतरा करंट, महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
खाना बनाते समय फर्राटा पंखे में उतरा करंट, महिला की मौत


फर्रुखाबाद , 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में साेमवार देर रात पुठरी गांव निवासी काजल (30) पत्नी शेर सिंह घर की रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान उन्होंने पास में लगे फर्राटा पंखे का प्लग निकालने का प्रयास किया। इसी बीच पंखे में आए करंट की चपेट में आने से अचेत होकर पंखे से ही चिपक गईं।

कुछ देर बाद खेत से घर लौटे उनके ससुर छविनाथ ने बहू को पंखे से चिपका देखा तो घबरा गए और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बिजली की आपूर्ति बंद कर किसी तरह काजल को करंट से अलग किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद काजल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। नवाबगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और उपनिरीक्षक सत्यनारायण ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की वैधानिक जांच कर रही है।

मृतका के जेठ पवन कुमार ने बताया कि काजल रोज की तरह घर के कामकाज में लगी थीं। किसी ने नहीं सोचा था कि एक सामान्य घरेलू कार्य के दौरान इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। काजल के पति शेर सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पत्नी की असमय मौत से वह गहरे सदमे में हैं।

काजल अपने पीछे तीन मासूम बच्चों—9 वर्षीय रोहन तथा 6 वर्षीय जुड़वा बच्चे परी और राघव को छोड़ गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story