फर्रुखाबाद : संविधान गौरव दिवस पर बाबा साहेब को किया नमन, फर्रुखाबाद के 39 स्थलों का बदलेगा स्वरूप
फर्रुखाबाद, 26 नवंबर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में गुरुवार काे संविधान गौरव दिवस पर भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, संघर्ष और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की पहल को नई पहचान मिली। प्रदेश सरकार की डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत फर्रुखाबाद के 39 चयनित स्थलों पर बाबा साहेब और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में योगदान देने वाले महापुरुषों की प्रतिमाओं का नवीनीकरण तथा परिसरों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। संविधान गौरव दिवस पर इन स्थलों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
प्रदेशव्यापी कार्यक्रम का मुख्य आयोजन लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हुआ, जिसका सजीव प्रसारण जिले की सभी विधानसभाओं के चयनित स्थलों पर किया गया। इसी क्रम में विधानसभा अमृतपुर के शेराखार गौटिया में विधायक सुशील कुमार शाक्य की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ। वहीं विधानसभा कायमगंज के बराबिकू में विधायक डॉ. सुरभि ने सहभागिता की। दोनों स्थानों पर बाबा साहेब की प्रतिमा से जुड़े विकास कार्यों के अंतर्गत पूजन किया गया। जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक समानता और न्याय के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
जिले के 39 स्थलों पर होगा विकास और सौंदर्यीकरण
समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महापुरुषों से जुड़े कुल 3,955 स्थलों पर विकास कार्य प्रारंभ कराए जा रहे हैं। फर्रुखाबाद में इसके लिए 39 स्थलों का चयन किया गया है। यहां प्रतिमाओं के नवीनीकरण के साथ परिसर का सौंदर्यीकरण और आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे इन स्थलों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित स्वरूप मिल सके।
आने वाली पीढ़ियों को बताएगा बाबा साहेब का संघर्ष
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक समानता के लिए किए गए प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत एक न्यायपूर्ण समाज की आधारशिला हैं। बाबा साहेब के विचार आज भी सामाजिक भेदभाव दूर करने और समान अधिकारों पर आधारित समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
योजना का उद्देश्य केवल प्रतिमाओं का नवीनीकरण और परिसरों का सौंदर्यीकरण करना ही नहीं, बल्कि इन स्थलों को महापुरुषों के जीवन, विचारों और योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने का माध्यम बनाना भी है। व्यवस्थित और विकसित परिसर लोगों को उनके आदर्शों का स्मरण कराते रहेंगे। कार्यक्रम में संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और समाज कल्याण विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

