फर्रुखाबाद में सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत
फर्रुखाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद की कोतवाली कायमगंज के गांव प्रेम नगर निवासी 28 वर्षीय राजेश पुत्र हरपाल कोरी मंगलवार की देर रात लगभग 11 बजे सड़क हादसे में दर्दनाक माैत हाे गयी। राजेश गांव के ही निवासी अजय पाल की बाइक वाली जुगाड़ गाड़ी पर बैठकर अपने पिता हरपाल व लगभग अन्य चार लोगों के साथ कंपिल की तरफ से आ रहा था । चालक अजय पाल ने तेज रफ्तार जुगाड़ गाड़ी अपने गांव की तरफ मोड़ने से संतुलन बिगड़ा और राजेश सड़क पर गिर गया । इसी दौरान आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली का पहिया राजेश के ऊपर से निकल गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस राजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर ले गई, जहां डॉक्टर ने राजेश को मृत घोषित कर दिया । मौत की सूचना पाकर राजेश की मां सुखदेवी, पत्नी सुमन सहित सभी परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया । मृतक राजेश अपने पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था । राजेश अपने पीछे 8 वर्षीय पुत्र रोहन 6 वर्षीय कार्तिक व 4 वर्षीय आरब को छोड़ गया । सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

