मीरजापुर: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया किसान कल्याण केंद्र का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा खेती में लाभ

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया किसान कल्याण केंद्र का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा खेती में लाभ


मीरजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विकास खंड पहाड़ी के टेढ़ा हिनौती गांव में मंगलवार को बहुउद्देशीय खाद, बीज एवं प्रसार केंद्र (किसान कल्याण केंद्र) का उद्घाटन प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काटकर किया। करीब 1.31 करोड़ रुपये की लागत से बने इस केंद्र के संचालन से क्षेत्र के किसानों को उन्नत बीज, खाद, आधुनिक कृषि तकनीक और विभागीय योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री शाही ने कहा कि किसान कल्याण केंद्र किसानों के लिए ज्ञान और सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। यहां किसानों को उन्नत खेती, कीट एवं रोग नियंत्रण, उर्वरक प्रबंधन तथा कृषि विभाग की योजनाओं की नियमित जानकारी दी जाएगी। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को आधुनिक संसाधनों और तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधान हिनौती के प्रयासों की भी सराहना की।

कार्यक्रम में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, ब्लॉक प्रमुख इन्द्रबहादुर पांडेय, उप निदेशक कृषि विकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार, खंड विकास अधिकारी बबिता सिंह समेत कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story