सहकारी समितियों पर खाद के लिए भटक रहे किसान, ददरा में हंगामा, महोगढ़ी में लटका मिला ताला

WhatsApp Channel Join Now
सहकारी समितियों पर खाद के लिए भटक रहे किसान, ददरा में हंगामा, महोगढ़ी में लटका मिला ताला


मीरजापुर, 25 नवंबर (हि.स.)। रबी फसलों की बुवाई के बीच मीरजापुर में खाद की किल्लत और सहकारी समितियों की अव्यवस्था से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खाद के लिए किसानों को कई दिनों तक समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ददरा-हिनौता साधन सहकारी समिति पर वितरण में देरी को लेकर किसानों ने हंगामा किया, जबकि ड्रमंडगंज क्षेत्र की महोगढ़ी समिति पर लगातार ताला लटकने से किसान खाद के लिए परेशान हैं।

ददरा-हिनौता सहकारी समिति पर मंगलवार को खाद लेने पहुंचे किसानों ने वितरण में देरी और अनियमितता का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि समिति के गोदाम में खाद उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें समय से नहीं दी जा रही है। सुबह से कतार में खड़े किसानों को बताया गया कि मंगलवार को चेक जमा करने वाले किसानों को प्राथमिकता के आधार पर खाद दी जाएगी। इसके बाद बुधवार को आने वाले किसानों को चेक के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी। इस व्यवस्था को लेकर किसानों ने विरोध शुरू कर दिया।

हंगामे के दौरान सहायक विकास अधिकारी सहकारिता प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने खाद वितरण बंद करा दिया। बाद में समिति की सचिव संज्ञा पांडेय ने किसानों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे दोबारा खाद वितरण शुरू हुआ। हालांकि, इसके बावजूद आधे से अधिक किसानों को बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ा।

एडीओ कोऑपरेटिव प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि समिति पर खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण वितरण में दिक्कत आ रही है। समिति के सदस्यों को खाद देने के बाद बची हुई खाद अन्य किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर वितरित की जाएगी।

उधर, ड्रमंडगंज क्षेत्र की महोगढ़ी साधन सहकारी समिति पर सचिव के लगातार अनुपस्थित रहने से खाद वितरण प्रभावित है। किसानों का आरोप है कि वे रोज समिति पहुंचते हैं, लेकिन वहां ताला लटका मिलने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।

किसान मनोज ने बताया कि वह तीन दिन से खाद के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक खाद नहीं मिल सकी है। भागीरथी जायसवाल ने कहा कि खाद के अभाव में उनका खेत खाली पड़ा है। बाजार से महंगे दाम पर खाद खरीदना उनके लिए संभव नहीं है। वहीं, सालिक राम और सोनू सिंह ने बताया कि यदि दो-तीन दिनों में खाद नहीं मिली तो बुवाई और पिछड़ जाएगी, जिसका सीधा असर फसल की पैदावार पर पड़ सकता है।

किसानों ने जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग से दोनों समितियों पर खाद वितरण व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही समितियों में बरती जा रही कथित लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। महोगढ़ी समिति के सचिव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story