मीरजापुर: 150 किसानों को मिली कृषि किट, समय से बुवाई शुरू करने की सलाह
- चेकसारी में आयोजित कार्यक्रम में हरी खाद व विभिन्न फसलों के बीज वितरित
मीरजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विकासखंड कोन के चेकसारी गांव में बुधवार को शासन की अनुदानित कृषि किट वितरण योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने करीब 150 किसानों को कृषि किट वितरित कर खरीफ फसलों की समय पर बुवाई करने का आह्वान किया।
कृषि विभाग की ओर से वितरित किट में हरी खाद, बाजरा, अरहर, तिल, उड़द सहित अन्य फसलों के बीज शामिल थे। जिलाध्यक्ष ने स्वयं किसानों को किट सौंपते हुए कहा कि किसान मौसम का लाभ उठाकर समय से खेतों की जुताई और बुवाई करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है और खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को खाद और बीज की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री कराने से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिलेगा। साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा होगी।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश दुबे, मनोज कुमार दुबे, मनीष दुबे, ग्राम प्रधान हरिशंकर सरोज सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। किसानों ने शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

