डीएपी संकट पर भड़के किसान, अधिकारियों की गैरमौजूदगी से बढ़ा आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
डीएपी संकट पर भड़के किसान, अधिकारियों की गैरमौजूदगी से बढ़ा आक्रोश


मीरजापुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना क्षेत्र के गोनौरा और सुपंथा गांवों में शुक्रवार को पंचायत चौपाल के दौरान डीएपी खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। साधन सहकारी समितियों पर खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने हंगामा किया। एडीओ कृषि और नामित नोडल अधिकारी के न पहुंचने पर भी किसानों ने नाराजगी जताई है।

किसानों ने कहा कि गेहूं की बुआई का समय नजदीक है, लेकिन डीएपी के लिए भटकना पड़ रहा है। कुशहां समिति के सचिव ओम शंकर तिवारी ने बताया कि फिलहाल 200 बोरी डीएपी उपलब्ध है। गोनौरा में ग्रामीणों ने हर घर नल योजना की बदहाली का मुद्दा उठाया। राजू सिंह समेत ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। मरम्मत के अभाव में नल बेकार पड़े हैं।

चौपाल में एडीओ समाज कल्याण प्रेमचंद पटेल ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी बनवाने के लिए प्रेरित किया। गोनौरा में ग्राम प्रशासक रजनी सिंह ने अध्यक्षता की और सेक्रेटरी दिनेश कुमार ने समस्याएं दर्ज कीं। सुपंथा में प्रशासक संदीप शुक्ला की अध्यक्षता में चौपाल हुई। यहां सेक्रेटरी शशिकांत यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं को सूचीबद्ध किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761904 Articles

Share this story