किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


- सड़क, नाली, सिंचाई और सरकारी राशन दुकान से जुड़े मुद्दे उठे

मीरजापुर, 16 सितंबर (हि.स.)। विकास भवन पथरहिया के ऑडिटोरियम में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विशाल कुमार की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए किसानों के साथ कृषि, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता, विद्युत और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने पिछली किसान दिवस की कार्यवाही पढ़कर सुनाई और पूर्व में उठाई गई समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। इसके बाद किसानों ने स्थानीय समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

भाकियू टिकैत के जिला सचिव बृजराज सिंह ने लालगंज-कलवारी संपर्क मार्ग के ओवरब्रिज के पास धंसने तथा कंजड़ काॅलोनी से लालगंज ब्लॉक तक नाली नहीं होने का मुद्दा उठाया।

उन्होंने सड़क की मरम्मत और नाली निर्माण की मांग की। युवा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने रामपुर कामता प्रसाद के प्राथमिक विद्यालय जाने वाले रास्ते पर जलभराव और कीचड़ की समस्या बताते हुए खड़ंजा निर्माण की मांग की। उन्होंने नाली और चकमार्ग से अतिक्रमण हटाने की भी मांग रखी।

कंचन सिंह फौजी ने बरी जीवन गांव की सरकारी राशन दुकान में वितरण शुरू कराने और अहरौरा बांध के मेन कैनाल के खराब गेट की मरम्मत की मांग की। किसान त्रिवेणी पांडेय ने गुरुसंडी-भटेवरा सीमा की नाली से अतिक्रमण हटाकर सफाई कराने की मांग रखी।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। बैठक में परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश पाठक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीके पाठक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story