धान की नर्सरी और रोपाई के लिए नहर संचालन पर किसानों की सहमति
मीरजापुर, 20 जून (हि.स.)। किसान कल्याण समिति, जरगो कमांड अहरौरा की बैठक शनिवार को इमलिया चट्टी क्षेत्र स्थित अतरौली डाक बंगले पर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शास्त्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी खरीफ सीजन को लेकर सिंचाई व्यवस्था तथा किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि धान की नर्सरी तैयार करने के लिए जरगो बांध की सभी नहरों में 24 जून तक पानी छोड़ा जाएगा। वहीं धान की रोपाई को ध्यान में रखते हुए 10 जुलाई से जरगो जलाशय की नहरों का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके।
इस दौरान किसानों ने क्षेत्र की अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को भी उठाया और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। समिति के महामंत्री हरिशंकर सिंह ने बैठक का संचालन किया।
बैठक में कार्यवाहक अध्यक्ष बजरंगी कुशवाहा, धर्मदेव उपाध्याय, रामचंद्र सिंह, कंचन सिंह, सुशील पटेल, करुणाशंकर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में किसान एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

