आकाशीय बिजली की चपेट में आया किसान,झुलसा
मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। मड़िहान क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मौसम के अचानक बदले मिजाज ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज गर्जना और हल्की बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय किसान गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान में भर्ती कराया गया है।
सुगापांख निवासी विजयमल मौर्या रोज की तरह रजौहा मंडी से सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सुगापांख स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आते ही वह सड़क किनारे गिरकर अचेत हो गए।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को सूचना दी और घायल किसान को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।
वहीं, चुनार तहसील क्षेत्र में हुई आंधी और बारिश से गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसल गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम के इस अचानक बदलाव ने जनजीवन के साथ-साथ कृषि पर भी असर डाला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

