लोडर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, चचेरा भाई घायल
ओरैया, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र स्थित जुहीखा सेंगनपुर मार्ग पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक किसान की माैत हाे गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हाे गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया।
अयाना थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने शनिवार बताया कि माधौगढ़ थाना क्षेत्र के रामहेतपुरा निवासी अशोक ने बताया कि 15 अप्रैल को उसकी शादी है। इसके चलते वह अपने चचेरे भाई रोहित (50) के साथ शुक्रवार को भीखेपुर स्थित रिश्तेदारी में कार्ड देने आया था। शाम को घर लौटने के दौरान कुआंगांव के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रोहित की मौके पर मौत हो गई, जबकि अशोक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना की जानकारी पर रोहित के भाई राजाबाबू, चंद्रशेखर अस्पताल पहुंचे। राजाबाबू ने बताया कि भाई रोहित अविवाहित और खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करता थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले में पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

