'खेत बचाओ अभियान' के तहत किसानों को संतुलित उर्वरक व हरी खाद अपनाने का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
'खेत बचाओ अभियान' के तहत किसानों को संतुलित उर्वरक व हरी खाद अपनाने का संदेश


वाराणसी, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के विकास खंड आराजीलाइन स्थित बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र, जंसा में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में किसानों को संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, हरी खाद की खेती और फसल चक्र अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 'खेत बचाओ अभियान' तथा यूपी एग्री परियोजना के अंतर्गत किया गया।

कार्यक्रम में विधानसभा रोहनिया के विधायक डॉ. सुनील पटेल ने यूपी एग्री योजना के तहत चयनित किसानों को नि:शुल्क धान, ढैंचा एवं मिश्रित हरी खाद के बीज वितरित किए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मृदा स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए संतुलित उर्वरकों का उपयोग करें, हरी खाद की फसल की समय से बुवाई करें तथा फसल चक्र को अपनाएं। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने किसानों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया।

यूपी एग्रीज परियोजना के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) बी.के. राव ने बताया कि विश्व बैंक के सहयोग से संचालित इस योजना के माध्यम से अगले पांच वर्षों तक किसानों के बहुआयामी विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इससे उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक सशक्तीकरण में मदद मिलेगी। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिन किसानों को धान एवं ढैंचा के बीज वितरित किए गए हैं, वे उनकी बुवाई समय से अवश्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बुवाई में अनावश्यक विलंब होने पर उत्पादन प्रभावित हो सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और कृषि विशेषज्ञों से आधुनिक खेती एवं मृदा संरक्षण से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story