अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत
मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरम बाबा मोड़ से करीब दो सौ मीटर आगे लहुरियादह गांव के पास शुक्रवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के सलैया गांव निवासी 55 वर्षीय सुरेश कुमार पांडेय हलिया क्षेत्र के खोदाईपुर गांव में अपने बहनोई चंद्रिका प्रसाद मिश्र के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा, भंडारा व व्रतबंध कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर लहुरियादह गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसान का सिर वाहन के पहिए के नीचे आ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर एसआई सुभाष यादव, एसआई रामविशाल व हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव मौके पर पहुंचे। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान की गई और परिजन के साथ मध्यप्रदेश पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के बहनोई चंद्रिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि सुरेश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन पुत्र हैं, जिनमें दो अविवाहित हैं।
थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

