संदिग्ध परिस्थितियों मे किसान की मौत, खेत पर पड़ा मिला शव
हमीरपुर, 22 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र स्थित कैथी गांव में बुधवार को संदिग्ध हालत में 56 वर्षीय किसान का शव उसके खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राठ कोतवाली क्षेत्र के कैथी गांव का निवासी किसान नंदकिशोर (56) अपने खेत पर कृषि संबंधी कार्य के लिए गया था। जब वह काफी समय तक वापस अपने घर नहीं लौटा तो परिजन उसे खेत पर खोजने के लिए गए तो देखा कि खेत में वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।
परिजनों ने बताया कि मृतक नंदकिशोर अविवाहित था तथा अपने हिस्से की तीन बीघा कृषि भूमि में खेती किसानी कर अपना भरण पोषण करता था। किसान अपने पीछे भाई नवल किशोर और जुगल किशोर सहित सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। नंदकिशोर की मृत्यु के संबंध में परिजनों ने किसी जहरीले कीड़े के काटने अथवा सदमा लगने से मौत की संभावना जताई है।
मामले में राठ कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह ने बुधवार को बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।-----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

