मीरजापुर : खेत मजदूर यूनियन ने प्रदर्शन कर सौंपा दस सूत्रीय ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : खेत मजदूर यूनियन ने प्रदर्शन कर सौंपा दस सूत्रीय ज्ञापन


- मनरेगा बहाल करने, 700 रुपये मजदूरी और 300 यूनिट मुफ्त बिजली की उठाई मांग

मीरजापुर, 17 सितंबर (हि.स.)। राजगढ़ विकासखंड मुख्यालय पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सभा की। जुलूस की शक्ल में ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित दस सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा को सौंपा।

ज्ञापन में मनरेगा को बहाल करने और ग्राम जी योजना को वापस लेने, मजदूरों को साल में 200 दिन रोजगार देने तथा दैनिक मजदूरी 700 रुपये करने की मांग की गई। भूमिहीनों को आवास और खेती योग्य भूमि का आवंटन करने के साथ सभी गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

कार्यकर्ताओं ने विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने और उसका नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। गरीब परिवारों को प्रति यूनिट 10 किलो राशन के साथ दाल, चीनी, तेल, साबुन और नमक जैसी आवश्यक वस्तुएं मुफ्त देने की मांग रखी।

इसके अलावा गरीबों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर पर रोक, समायोजन के नाम पर बंद किए गए स्कूलों को खोलने तथा शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई। गरीब मजदूरों के लिए मुफ्त इलाज और स्नातक स्तर तक निशुल्क शिक्षा की गारंटी देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

यूनियन ने दलित महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाने, वनाधिकार कानून के तहत पात्र लोगों को पट्टा देने तथा आदिवासियों को वन भूमि से हटाने पर रोक लगाने की मांग की।

खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा ने ज्ञापन उच्चाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में राजकुमार वर्मा, सुवास सिंह समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story