देवरिया में समारोह में दी गयी सेवानिवृत्त शिक्षक को विदाई

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में समारोह में दी गयी सेवानिवृत्त शिक्षक को विदाई


देवरिया, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद देवरिया की जिला कार्यसमिति द्वारा 15 अप्रैल को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक पदाधिकारी बैजनाथ पति त्रिपाठी एवं वरिष्ठ लेखाकार वित्त एवं लेखाधिकारी अवधेश शुक्ला को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

बैजनाथ पति त्रिपाठी, सहायक अध्यापक के रूप में उच्च प्राथमिक विद्यालय धमउर परशुराम, विकास क्षेत्र देवरिया सदर में कार्यरत थे और 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने प्राथमिक शिक्षक संघ में जिला उपाध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें एक समर्पित शिक्षक, कुशल संगठनकर्ता और समाज निर्माता बताया।

जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि त्रिपाठी का व्यक्तित्व और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनि वर्मा ने कहा कि शिक्षक कभी वास्तव में सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि जीवनभर समाज को अपने ज्ञान से दिशा देता रहता है। जिला मंत्री आनंद प्रकाश यादव ने दोनों सम्मानित व्यक्तियों को शिक्षक हितों के प्रति सदैव सजग बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक सुरेश यादव ने की, जबकि संचालन जिला संयुक्त मंत्री ऋषिकेश जायसवाल और संदीप कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश मणि सहित कई पदाधिकारियों और शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने दोनों सम्मानित व्यक्तियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन सम्मान और शुभकामनाओं के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story