औरैया : प्रोजेक्ट नई किरण ने टूटने की कगार पर पहुंचे 10 परिवारों को फिर जोड़ा
औरैया, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आपसी मतभेद और पारिवारिक कलह के चलते अलग रह रहे 10 परिवारों के बीच रविवार को प्रोजेक्ट नई किरण के तहत काउंसलिंग कराकर समझौता करा दिया। पुलिस की पहल पर पति-पत्नी ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक साथ रहने की सहमति जताई, जिसके बाद परिवारों को खुशी-खुशी विदा किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में आयोजित प्रोजेक्ट नई किरण में ऐसे परिवारों की समस्याएं सुनी गईं, जिनमें आपसी वैचारिक मतभेद के कारण पति-पत्नी कुछ समय से अलग रह रहे थे। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी समझ और संवाद के माध्यम से विवादों को दूर करने का प्रयास किया गया।
पुलिस की समझाइश के बाद सभी 10 परिवार साथ रहने के लिए राजी हो गए। परिजनों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। महिला थाना प्रभारी ने कहा कि प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी समझ के जरिए सुलझाकर टूटते परिवारों को बचाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

