कचहरी में रौब गांठ रहा था फर्जी दरोगा, गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कचहरी में रौब गांठ रहा था फर्जी दरोगा, गिरफ्तार


मीरजापुर, 17 जून (हि.स.)। पुलिस की वर्दी पहनकर दरोगा बनने का सपना एक युवक को महंगा पड़ गया। कचहरी परिसर के आसपास रौब झाड़ते हुए घूम रहे कथित दरोगा जी की हकीकत तब सामने आ गई, जब पुलिस को उसके फर्जी होने की सूचना मिली। इसके बाद कोतवाली शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

बुधवार को थाना कोतवाली शहर पुलिस को सूचना मिली कि कलेक्ट्रेट परिसर और कचहरी क्षेत्र में एक युवक पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताता हुआ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सपा कार्यालय गेट, कचहरी के पास से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान शिव कुमार पाल पुत्र नागेंद्र पाल निवासी करछना, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि वह वास्तविक पुलिसकर्मी नहीं है, बल्कि पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी दरोगा बनकर घूम रहा था।

पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर एक युवक पुलिस की वर्दी पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमता रहा और लोगों को शक तक नहीं हुआ। हालांकि समय रहते मिली सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर मामले का खुलासा कर दिया।

इस कार्रवाई को थाना कोतवाली शहर के उपनिरीक्षक जयदीप सिंह एवं उनकी टीम ने अंजाम दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story