विंध्यधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एडीजी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
- शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां विंध्यवासिनी के दर्शन को पहुंचे हजारों श्रद्धालु
- एडीजी ने डीआईजी, डीएम और एसपी के साथ किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण
मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां विंध्यवासिनी धाम, विंध्याचल में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगला आरती के बाद से ही देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन के लिए तांता लगा रहा। भक्तों ने गंगा स्नान के बाद मां विंध्यवासिनी के शैलपुत्री स्वरूप के दर्शन किए।
मंदिर परिसर और दर्शन मार्गों पर श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। नवरात्र मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहा।
इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ मेला क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर के मुख्य प्रवेश और निकास द्वार, दर्शन मार्ग, गंगा घाट, रेलवे स्टेशन मार्ग तथा प्रमुख चौराहों पर बनाए गए बैरियर प्वाइंट का निरीक्षण किया।
एडीजी ने यातायात प्रभारी को निर्देशित किया कि भारी वाहनों का आवागमन पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाए। पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि नवरात्र मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराना प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन और विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस बल की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को दर्शन-पूजन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के साथ महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सक्रिय रहने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि नवरात्र मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र को कई जोन और सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में तैनात कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए। नवरात्र के पहले दिन से ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

