ज्येष्ठ अधिक मास पूर्णिमा पर विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,दो लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
ज्येष्ठ अधिक मास पूर्णिमा पर विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,दो लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


ज्येष्ठ अधिक मास पूर्णिमा पर विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,दो लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


मीरजापुर, 31 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ अधिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को विश्व प्रसिद्ध विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब धाम में उमड़ पड़ा। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर का कपाट खुलने से पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्गों तक लग गई थीं। पूर्णिमा और चतुर्दशी तिथि के विशेष संयोग के चलते शनिवार रात से ही धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचे।

जय मां विंध्यवासिनी के जयघोष से पूरा धाम क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण नगर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। बंगाली तिराहा से अटल चौक, कंतित मोड़ से बरतर मार्ग तथा बंगाली तिराहा से रोडवेज तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कई स्थानों पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए मंदिर प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग, सुरक्षा जांच और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की गई थी, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story