चंडिका धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, चमत्कारी मान्यता से खिंचे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
चंडिका धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, चमत्कारी मान्यता से खिंचे श्रद्धालु


मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध चंडिका धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर होते ही भक्त गंगा स्नान कर मां चंडिका के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के माहौल में डूबा रहा।

श्रद्धालुओं ने फल, फूल, अक्षत, जौ, धूप-दीप व नैवेद्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। स्थानीय के साथ ही दूर-दराज जनपदों से आए महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चंडिका धाम का विशेष महत्व है। मान्यता है कि सती का बायां नेत्र यहां गिरा था, जिससे इस स्थल का नाम चंडिका धाम पड़ा। नवरात्र के दौरान यहां पूजा करने से विशेष फल प्राप्त होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में स्थापित मां की मूर्ति अत्यंत प्राचीन और चमत्कारी है। एक बार मूर्ति को हटाने के लिए खुदाई की गई, लेकिन काफी गहराई तक खोदने के बाद भी मूर्ति का अंत नहीं मिला। खुदाई के दौरान मूर्ति से रक्त जैसा द्रव निकलने पर कार्य रोक दिया गया और मूर्ति को यथास्थान ही छोड़ दिया गया।

मंदिर के पुजारी मंगला पूरी गोस्वामी व संगला पूरी गोस्वामी ने बताया कि मां के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता। नवरात्र में यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story