कम्पोजिट विद्यालय में सहायक शिक्षा निदेशक ने किया टीएलएम प्रदर्शनी का उद्घाटन
वाराणसी, 30 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में विकास खंड सेवापुरी के अंतर्गत न्याय पंचायत बरेमा स्थित कम्पोजिट विद्यालय देहली विनायक में सोमवार को टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) प्रदर्शनी कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), वाराणसी मंडल हेमंत राव ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में न्याय पंचायत के 10 विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए नवाचारी, आकर्षक एवं उपयोगी टीएलएम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचारपूर्ण प्रयास शिक्षा को अधिक प्रभावी, सरल और रोचक बनाते हैं। टीएलएम के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है और शिक्षण को व्यवहारिक रूप दिया जा सकता है। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे निरंतर नवाचार करते हुए कक्षा-कक्ष को बच्चों के लिए प्रेरणादायक बनाएं।
कार्यक्रम में इंस्पायर अवार्ड में चयनित दो छात्र तथा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल सात छात्रों को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ टीएलएम का पुरस्कार प्राथमिक विद्यालय रामेश्वर द्वितीय की शिक्षिका शशि देवी को प्रदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

