तेज रफ्तार कार ने ली पूर्व सैनिक की जान, वाहन छोड़कर तीन युवक फरार
औरैया, 22 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के असैनी स्थित रेलवे पावर हाउस के सामने बुधवार देर शाम तेज रफ्तार बेकाबू कार ने स्कूटी सवार पूर्व सैनिक को टक्कर मार दी। हादसे में पूर्व सैनिक एवं रेलवे पावर हाउस में संविदा पर तैनात सुरक्षाकर्मी सुल्तान सिंह राजपूत (42) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार सवार तीन युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुल्तान सिंह राजपूत सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद दिबियापुर स्थित रेलवे पावर हाउस में संविदा पर सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। वह पावर हाउस के पास एक ढाबा भी संचालित करते थे। बुधवार शाम करीब छह बजे वह स्कूटी से घर से ढाबे की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर स्कूटी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुल्तान सिंह कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार में सवार तीनों युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल घायल सुल्तान सिंह को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सुल्तान सिंह अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई।
क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फरार युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

