श्रद्धा नाम से नहीं, क्रिया और कर्म से होती है : दिनेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धा नाम से नहीं, क्रिया और कर्म से होती है : दिनेश शर्मा


कानपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। सपा भ्रम की स्थिति में है। इसी वजह से पीडीए में ‘पी’ का मतलब कभी पीड़ित, कभी पिछड़ा तो अब पंडित बताया जा रहा है। जिन पंडितों को सपा पहले अपनी सभाओं और प्रेस कॉन्फ्रेंस से भगा देती थी, अब उन्हीं के प्रति श्रद्धा की बात कर रही है। श्रद्धा नाम से नहीं, क्रिया और कर्म से होती है।”

यह बातें बुधवार को कानपुर में तुलसी जयंती के अवसर पर मानस संगम में आयोजित संगीत अर्चना एवं काव्यांजलि कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्राेफेसर दिनेश शर्मा ने कहीं। कार्यक्रम में प्राेफेसर दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सकारात्मक रवैये को देखकर विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं बच रहा है। उन्होंने कहा कि अभी इटावा का मंदिर भी बनेगा और रामलला के दर्शन के लिए पूरा परिवार आएगा। अखिलेश यादव द्वारा केदारेश्वर मंदिर बनवाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तो सभी रामलला के चरणों में जाएंगे। जो लोग पहले पूजा नहीं करने और भगवान को नहीं मानने की बात कहते थे, वही अब धार्मिक आयोजनों में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग अयोध्या जाने से इनकार करते थे, वही अब हनुमान चालीसा गाकर आए हैं।

सनातनी घूंसे को लेकर दिनेश शर्मा ने कहा कि समाज के सभी कमजोर वर्गों को एकजुट करने के बाद राम आगे बढ़ते हैं। इसलिए अगड़ा, पिछड़ा, शोषित और दलित सभी को साथ लेकर सनातनी घूंसा तैयार होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ ‘सियावर रामचंद्र की जय’ और ‘पवनसुत हनुमान की जय’ के जयकारे लगाए।

जेन-जी और जेन-अल्फा के पीछे कौन है, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके पीछे कौन है, यह तो पता नहीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीछे राष्ट्रवादी लोग हैं। मानस संगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भजन और संगीत की प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। प्राेफेसर दिनेश शर्मा और मंत्री दयाशंकर मिश्रा को गोस्वामी तुलसीदास का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तुलसीदास के साहित्य और रामचरितमानस के महत्व पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार और एमएलसी अरुण पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और युवा मोर्चा उत्तर जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अभिनव तिवारी ने गोस्वामी तुलसीदास का चित्र भेंट कर मंत्री दयाशंकर मिश्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर से झंडा गीत के रचयिता पार्षद श्यामलाल गुप्ता के योगदान को याद करते हुए सदन में झंडा गीत को कानूनी तौर पर राष्ट्रगान का दर्जा देने का मुद्दा उठाया। मानस संगम संस्था की ओर से सांसद रमेश अवस्थी का मंच पर स्वागत और सम्मान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story