यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग परीक्षा को लेकर तीन दिन शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

WhatsApp Channel Join Now
यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग परीक्षा को लेकर तीन दिन शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक


मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की परीक्षा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है।

क्षेत्राधिकारी यातायात गायत्री यादव ने बताया कि परीक्षा के दौरान बाहरी जनपदों से आने वाले परीक्षार्थियों को समय पर और सुरक्षित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि 2 जुलाई से 4 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक भारी वाहनों को नो-एंट्री में छूट दी जाएगी।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि परीक्षा के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story