30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें, लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें, लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी


मीरजापुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास परियोजना विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल चलो अभियान, पीएमश्री विद्यालय योजना और आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गत वर्ष के ड्रॉपआउट बच्चों को चिन्हित कर पुनः नामांकन कराया जाए तथा कक्षा 5 और 8 पास करने वाले सभी बच्चों का अगली कक्षा में प्रवेश अनिवार्य रूप से कराया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों से पासआउट 6 वर्ष आयु के बच्चों का भी शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने चेतावनी दी कि जिन खंड शिक्षा अधिकारियों के क्षेत्र में लक्ष्य के अनुसार नामांकन नहीं होगा, उनका वेतन रोक दिया जाएगा। साथ ही प्रेरणा पोर्टल पर डाटा फीडिंग में लापरवाही और गुणवत्तापूर्ण बुकलेट तैयार न करने पर डीसी एमआईएस से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने, बच्चों को पाठ्य पुस्तकें, खेल सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए उन्हें एनआरसी भेजने पर भी जोर दिया गया। निर्माण कार्यों में देरी पर संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story