मैदान में दौड़ी युवाओं की ऊर्जा, वॉलीबॉल में दिखा जोश
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुई प्रतियोगिता
मीरजापुर, 29 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को पहाड़ी विकासखंड के दाढ़ीराम ग्रामसभा का माहौल खेलमय हो गया। माई भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित दौड़ और वॉलीबॉल प्रतियोगिता में युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
युवा मंडल अध्यक्ष अशोक पाल के नेतृत्व में हुई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दौड़ में दमखम दिखाने के साथ वॉलीबॉल के मैदान पर भी जमकर पसीना बहाया। खेल मैदान पर युवाओं का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री डॉ. सीएल बिंद ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश मोदनवाल ने किया। आयोजन में ग्राम प्रधान दाढ़ीराम, भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, संयोजक रामगोपाल के साथ विजय, आनंद, दीपू, नीरज, आशीष और युवा मंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और खेल भावना के साथ अपने हुनर का प्रदर्शन किया। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार किए जाने की जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

