संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाना ही सच्ची देशभक्ति : आनंद कुमार

WhatsApp Channel Join Now
संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाना ही सच्ची देशभक्ति : आनंद कुमार


मीरजापुर, 06 नवंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित संविधान संवाद कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार द्वितीय ने विद्यार्थियों को संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा के योगदान और प्रस्तावना के महत्व की जानकारी दी।

उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों को समझाते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रत्येक नागरिक की गरिमा का आधार है। उन्होंने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संविधान का सम्मान करना, राष्ट्रीय एकता बनाए रखना और समाज में सद्भाव व भाईचारे को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संविधान में निहित मूल्यों को जीवन और व्यवहार में अपनाना ही सच्ची देशभक्ति है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत जिले के अन्य विद्यालयों में भी न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों की ओर से संवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 26 नवंबर को संविधान दिवस पर विभिन्न स्कूलों में क्विज प्रतियोगिता, सामूहिक प्रस्तावना पाठ और पुरस्कार वितरण किया जाएगा। प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story