मानव धर्म अपनाकर आत्मकल्याण के मार्ग पर चलें : पंकज महाराज
- शाकाहार अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील
मीरजापुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय संत पंकज जी महाराज बुधवार को चुनार क्षेत्र के सरैया गांव पहुंचे। यहां स्थानीय संगत और राजस्थान से आए अनुयायियों ने बाजे-गाजे के साथ उनका स्वागत किया। पड़ाव के 63वें दिन आयोजित सत्संग में उन्होंने मानव धर्म अपनाने और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
पंकज महाराज ने कहा कि सत्य, दया, करुणा, प्रेम और अहिंसा जैसे गुण अपनाने से ही अच्छे समाज का निर्माण संभव है। मानव शरीर अनमोल है और जीवन की सांसें लगातार कम हो रही हैं। इसलिए समय रहते पूर्ण गुरु से सुरत-शब्द योग की साधना सीखकर गृहस्थ जीवन में रहते हुए प्रभु का भजन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शरीर को भोजन दिया जाता है, लेकिन आत्मा का भोजन भजन है। नाम-सुमिरन, ध्यान और भजन से आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। महाराज जी ने नामदान देकर साधना की विधि भी समझाई।
उन्होंने लोगों से शाकाहार अपनाने और शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों का त्याग करने की अपील की। कहा कि मनुष्य को अपने शरीर को भी ईश्वर का मंदिर मानकर उसकी पवित्रता बनाए रखनी चाहिए। अच्छे आचरण और सात्विक जीवन से जीवन को सुखमय बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोती लाल सिंह, भगवानदास, राजस्थान संगत के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु कुमार सोनी, हंसराज और सुगन जाट सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में हंसा यादव और ओम प्रकाश का विशेष सहयोग रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

