मेरठ : भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में करंट लगने से युवक की मौत, कई श्रद्धालु झुलसे

WhatsApp Channel Join Now

-लोगों ने इस घटना का जिम्मेदार प्रशासन को ठहराया

मेरठ, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ में चल रही भगवान जगन्नाथ की सातवीं रथ यात्रा के दौरान हादसा हो गया। यात्रा रथ हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया और उसमे उतरे करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई और कई श्रद्धालु झुलस गये।

पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि परीक्षितगढ़ क्षेत्र स्थित ओम पब्लिक स्कूल से शुक्रवार को बारिश के बीच भगवान जगन्नाथ की सातवीं रथ यात्रा निकाली जा रही थी। श्रद्धालु नंगे पैर रस्सी के सहारे रथ को खींच रहे थे। इसी दौरान रथ की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन बिजली तार ध्वजा से टकरा गया। करंट की चपेट में कई श्रद्धालु झुलस गये। सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर ने श्रद्धालु सचिन को मृत घोषित कर दिया है। वहीं, महाराज भारतदास को मेरठ रेफर कर दिया। इसके अलावा गुड्डी, वतनदीप, सोमेश, मदनपाल, मोहित, चेतन, विशेष धामा, पीरू, यश, महेश शर्मा, प्रियांक, विवेक, राजेश मिश्र और लता समेत अन्य श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गये।

पुलिस का कहना है कि सचिन अविवाहित और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां सुशीला, भाई विशाल, बहन प्राची और विशाका समेत अन्य परिजन का रो-रोकर बेहाल हैं। हादसे की सूचना पर एसपी देहात अभिजीत कुमार और एसडीएम मवाना संतोष कुमार अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी ली। लोगों का कहना है कि इस घटना में पुलिस, जिला प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही है। प्रशासन ने यात्रा की अनुमति तो दे दी, लेकिन रूट का निरीक्षण नहीं किया गया। ऐसे में पूरी लापरवाही प्रशासन की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story