बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 18 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के कृपालपुर अनंतराम गांव में शुक्रवार शाम घर के बाहर बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। अचेत अवस्था में पड़े युवक को परिजन निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कृपालपुर अनंतराम निवासी पवन परिहार (29) शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर निकले थे। इसी दौरान बिजली के खंभे में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से पवन गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को देते हुए सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। बेटे की माैत के बाद मां मंजू देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पवन अपने माता-पिता के इकलौते सहारे थे। उनकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। पिता रविंद्र सिंह खेती-किसानी करते हैं।

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story