करंट की चपेट में आकर दो भाइयों की मौत, मां झुलसी
फिरोजाबाद, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के फरिहा थाना क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार को हैंडपंप की मरम्मत के दौरान हाईटेंशन तार से टकराकर पाइप में उतरे करंट से झुलसकर दो भाइयों की मौत हो गई। उन्हें बचाने पहुंची मां झुलस गई, जिन्हें सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। सूचना पर एसडीएम जसराना, एसडीओ और पुलिस मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने गुस्साए परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
थाना फरिहा क्षेत्र के गांव नगला नोझर निवासी दिनेश यादव हलवाई हैं। वह दिल्ली में काम करते हैं। उनके घर के पीछे हैंडपंप है, जो काफी समय से खराब है। मंगलवार को दिनेश के दोनों पुत्र अंकित (17) व अंशुल (15) हैंडपंप की मरम्मत के बाद पाइप डाल रहे थे। अंतिम पाइप डालते समय वजन अधिक होने की वजह से वह एक तरफ झुक गया और पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से टकरा गया। इस कारण पाइप में करंट आ गया और उसकी चपेट में आकर दोनों भाई झुलस गए। चीख सुनकर पास खड़ी मां पिंकी उन्हें बचाने दौड़ पड़ी, जिससे उन्हें भी करंट लग गया। वह गंभीर रूप से झुलस कर जमीन पर गिरी पड़ीं। घटना के बाद गांव में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने विद्युत सब स्टेशन पर फोन कर आपूर्ति को बंद कराया। तत्काल गांव के लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सक ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। वही, प्राथमिक उपचार के बाद पिंकी को सरकारी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर एसडीएम जसराना राजेश शुक्ला, एसडीओ विद्युत बृजेश कुमार, एका इंस्पेक्टर संजुल पांडेय और थानाध्यक्ष राजीव कुमार मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों को अधिकारियों ने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद का आश्वासन देकर शांत कराया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

