इनोवा की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत, साथी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
इनोवा की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत, साथी गंभीर


मीरजापुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले के कछवां थाना क्षेत्र में कटका गोदाम के पास मंगलवार को तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से बाइक सवार 72 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के शादी बनक गांव निवासी लोलारे यादव (72) के रूप में हुई। परिवार के मुताबिक, लोलारे गांव के अशोक सिंह के साथ बाइक से बाबूसराय स्थित वैद्य के यहां दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई इनोवा ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार के बोनट में फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई।

हादसे में लोलारे यादव की मौके पर ही मौत हो गई। अशोक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद चालक इनोवा को मौके पर छोड़कर भाग गया। कार पर पुलिस लिखा हुआ था और पुलिस का लोगो, सायरन व बत्ती लगी थी। पुलिस वाहन की जांच कर चालक की तलाश में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थाना प्रभारी अमरजीत चौहान ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है। चालक की तलाश के साथ वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story