मकान में वृद्ध ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार ने पुलिस को बताए बिना किया अंतिम संस्कार
मीरजापुर, 26 अगस्त (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के नदिहार बाजार में बीती रात 60 वर्षीय वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जानकारी होने पर परिजन शव को नीचे उतारकर पैतृक गांव ले गए और पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी।
कोन भरूहवा गांव निवासी त्रिभुवन मौर्य किसान थे। उनका पैतृक मकान गांव में था, जबकि करीब एक किलोमीटर दूर नदिहार बाजार में भी उनका दूसरा मकान था। परिवार के अन्य सदस्य भरूहवा स्थित मकान में रहते थे। त्रिभुवन मौर्य नदिहार बाजार वाले घर में अकेले रहते थे और अपना भोजन स्वयं बनाते थे। उनके एक पुत्र ने उसी मकान के एक कमरे में दुकान खोल रखी है। मंगलवार शाम रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद पुत्र भरूहवा स्थित घर चला गया। बुधवार सुबह करीब दस बजे वह नदिहार बाजार स्थित दुकान खोलकर बैठा था। काफी देर तक पिता दिखाई नहीं दिए तो वह उन्हें देखने घर के पीछे वाले कमरे में पहुंचा। वहां पर उसने पिता का शव फांसी के फंदे से लटका देखा। घटना पर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गये। परिजनों ने शव को नीचे उतारा और भरूहवा ले जाकर बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।
राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

