पूर्व सीएम अखिलेश, भाजपा नेता दिनेश शर्मा समेत अन्य दलों के नेता पहुंचे ऐशबाग ईदगाह

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सीएम अखिलेश, भाजपा नेता दिनेश शर्मा समेत अन्य दलों के नेता पहुंचे ऐशबाग ईदगाह


लखनऊ, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ऐशबाग ईदगाह पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन चैन की अपील की। पुलिस की चौकसी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से राजधानी समेत पूरे प्रदेश में ईद का पर्व मनाया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम के बीच लखनऊ के ऐशबाग स्थित ईदगाह पर 10 बजे ईद की नमाज शुरू हुई। यहां 50 हजार से ज्यादा लोग इकट्ठा हुए। ऐशबाग ईदगाह पूरी तरह फुल होने के बाद इसके गलियारे पर नमाजियों की भीड़ एकत्र हुई।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हम आपस में भाईचार चाहते हों। पूर दुनिया शांति होगी तो हम सब अपनी जिंदगी ठीक से जी सकेंगे। हमने अभी कुछ दिन पहले गले मिलकर होली मनाई थी। अब गले मिलकर ईद मना रहे हैं। यही हमारी हिंदुस्तानियत है। विश्व में कुछ देशों के बीच जो युद्ध के हालात हैं, ये शांत हों। हम लोग शांति से इसी तरह एक-दूसरे मिलजुलकर रहें तो देश आगे बढ़ेगा। हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में हमारा देश और तरक्की करेगा। हम अन्य दलों से आए नेताओं को धन्यवाद देता हूं। हम आप सब ऐसे ही मिलजुल कर आगे बढ़ते रहें। इसी से खुशहाली आएगी।

ईद के अवसर पर ईदगाह पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि खुशहाली और भाईचारे के त्योहार पर हम चाहते हैं कि दुनिया हो रहा युद्ध समाप्त हो। एक दूसरे पर आक्रमण करने से बचें। हमारा भारत पूरी दुनिया को शांति का संदेश दे। हम एक दूसरे के लिए काम आएं। मिलजुलकर आगे बढ़ें।

राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ऐशबाग ईदगाह के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऐशबाग ईदगाह और ऐशबाग रामलीला मैदान के बारे में डिटेल से बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ के नवाब ने ऐशबाग ईदगाह और रामलीला के लिए बराबर जमीन दी थी। यहां पर गोस्वामी तुलसीदास ने सबसे पहले रामलीला का मंचन कराया था। हमारी मिलजुल रहने की संस्कृति है। एकता का यह संदेश हमारे राष्ट्र का मजबूत करे और हमारा देश एक हो, आज का ईद के अवसर पर यही संदेश है। हमारा देश जाति, धर्म को छोड़कर एक दूसरे के काम आएं और देश खूब तरक्की करे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने भी इस मौके पर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर मुस्लिम धर्म गुरु समेत समाज के बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story