शिक्षित युवा ही समाज को जाति-धर्म के बंधन से निकाल सकता है : पल्लवी पटेल
- पचोखर में कबड्डी प्रतियोगिता और सरदार पटेल की प्रतिमा अनावरण समारोह में बोलीं विधायक
मीरजापुर, 17 सितंबर (हि.स.)। अपना दल कमेरावादी की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि युवा शिक्षित नहीं होगा तो समाज जाति और धर्म के मुद्दों में उलझा रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के 85 प्रतिशत लोगों को विकास की प्रक्रिया में पर्याप्त भागीदारी दिए बिना समान विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने वंचित और पिछड़े वर्गों की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
वह गुरुवार को लालगंज तहसील के पचोखर बैरहर खेल मैदान परिसर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रही थीं।
पल्लवी पटेल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार संविधान की भावना के विपरीत मनुस्मृति आधारित व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की भूमिका को कमजोर करने और मीडिया पर प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
पटेल समाज की एकता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अलग-अलग नामों से बंटे समाज को एक पहचान से जोड़ने का काम डॉ. सोनेलाल पटेल ने किया। उन्होंने अपना दल कमेरावादी की राजनीतिक पहचान और मूल विचारधारा को लेकर भी अपनी बात रखी। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है।
खेल में परिश्रम और संघर्ष को बताया महत्वपूर्ण
कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए विधायक ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगिता में उतरना ही बड़ी उपलब्धि है। हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण परिश्रम और संघर्ष है। ईमानदारी से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
जिला पंचायत सदस्य कीर्ति कौल ने कहा कि खेलकूद से आत्मविश्वास, समानता, संघर्ष, दूरदर्शिता और धैर्य का विकास होता है।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश प्रजापति और अरविंद यादव ने किया। इस दौरान ग्राम प्रधान महानंद पटेल, जिला अध्यक्ष लालमूरत पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम बहादुर पटेल, मंडल अध्यक्ष सीडी सिंह, संतोष सिंह, मंगल पटेल, चंद्रजीत, संजय, सेवालाल, रईस अहमद, राजकुमार, सुब्बालाल यादव और कृपाशंकर पटेल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

