केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से केवीएस पीजीटी अर्थशास्त्र अभ्यर्थी ने साक्षात्कार की तिथि बदलने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से केवीएस पीजीटी अर्थशास्त्र अभ्यर्थी ने साक्षात्कार की तिथि बदलने की मांग


लखनऊ, 08 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) में पीजीटी अर्थशास्त्र पद के अभ्यर्थी सुजीत कुमार ने अपने निर्धारित साक्षात्कार की तिथि पुनर्निर्धारित किए जाने की मांग की है। इस संबंध में अभ्यर्थी ने केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के सीटीईटी विंग को प्रार्थना पत्र भेजकर अनुरोध किया है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, अभ्यर्थी ने केवीएस,एनवीएस पीजीटी अर्थशास्त्र भर्ती प्रक्रिया में टियर-02 परीक्षा उत्तीर्ण की है और उनका साक्षात्कार 24 सितंबर 2026 को निर्धारित है। अभ्यर्थी का कहना है कि इसी दिन उत्तर प्रदेश में सहायक प्रोफेसर (अर्थशास्त्र) पद की मुख्य परीक्षा भी निर्धारित है, जिसे उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद प्राप्त किया है।

अभ्यर्थी ने बताया कि संबंधित मुख्य परीक्षा करीब पांच वर्ष के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही है। ऐसे में दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तिथियां एक होने के कारण उनके लिए केवीएस,एनवीएस के साक्षात्कार में उपस्थित होना संभव नहीं होगा।

प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि केवीएस पीजीटी अर्थशास्त्र के साक्षात्कार अन्य तिथियों में 22, 23, 25 और 26 सितंबर को भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अनुरोध किया है कि उनका साक्षात्कार 26 सितंबर अथवा किसी अन्य सुविधाजनक तिथि पर पुनर्निर्धारित किया जाए, ताकि वह दोनों अवसरों में शामिल हो सकें।

अभ्यर्थी ने अपने आवेदन के समर्थन में परीक्षा परिणाम, प्रवेश पत्र, संबंधित परीक्षा कार्यक्रम, केवीएस साक्षात्कार पत्र, भेजे गए ई-मेल का विवरण और मुख्य परीक्षा का आवेदन पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मानवीय आधार पर उनकी समस्या पर विचार करते हुए साक्षात्कार की तिथि बदलने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story