उप मुख्यमंत्री पाठक ने फिरोजाबाद में चिकित्या महाविद्यालय का किया दौरा, कहा— बाहर की दवा न लिखें डॅाक्टर
फिरोजाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को जनपद फिरोजाबाद में 200 शैया युक्त स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सौ शैया युक्त सम्बद्ध चिकित्सालय का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बाहर से दवा लिखने की शिकायत नही मिलनी चाहिए, ‘‘जन सेवा ही प्राथमिकता है‘‘ , इसमें किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी ।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक रविवार को जनपद में सबसे पहले चिकित्सा महाविद्यालय के जनरल वार्ड में पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों का हालचाल लिया। बाल किशन नामक मरीज से पूछा कि उन्हे अस्तपाल से दवाइयां मिल रहीं हैं या बाहर से खरीदनी पड रही है, इस पर बाल किशन ने अस्पताल से ही दवा मिलने की बात कहीं। उन्होने जनरल वार्ड में शिल्पी नामक मरीज से भी वार्ता की तथा रोगियों के उनके स्वास्थ्य और इलाज के बारें में जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने एनआईसीयू और अन्य महत्वपूर्ण विभागों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और उपकरणों की उपलब्धता देखी। उन्होने साफ-सफाई और उपकरणों की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य सीएमएस और सीएमओ को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समस्त अनुमन्य सुविधाऐं अनिवार्य रूप मुहैया कराई जाए, मरीजों को बाहर से दवा लिखने की शिकायत नही मिलनी चाहिए, ‘‘जन सेवा ही प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त् नही की जाएगी‘‘, उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जीरो टाॅलरेंस की नीति पर काम कर रही है, और मरीजों की सुविधा में कमी पाए जाने पर सम्बन्धित अधिकारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर सहित जिलाधिकारी रमेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

