दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध के शान्ति की आवश्यकता : ब्रजेश पाठक

WhatsApp Channel Join Now
दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध के शान्ति की आवश्यकता : ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज कहा कि दुनिया को युद्ध नहीं वरन बुद्ध के शांति के संदेश की आवश्यकता है। उपमुख्यमंत्रीपाठक डाॅ0 आंबेडकर महासभा ट्रस्ट की ओर से उद्यान भवन के सभागार में आयोजित सेमिनार ‘‘विश्व युद्ध के खतरे और बुद्ध की प्रासंगिकता’’ विषय पर मुख्य अतिथि के रूप में सेमिनार को सम्बोधित कर रहे थे।

उपमुख्यमंत्री पाठक ने सनातन धर्म के वसुधैव कुटुम्बकम का जिक्र करते हुए कहा कि हम भारत के लोग सनातन परम्परा में विश्वास रखते हैं, जिसमें पशु, पक्षी, प्रकृति सभी में ईश्वर का वास है, यह मानते हैं। हमारे यहां महिलाएं विभिन्न पर्वो एवं त्योहारों पर पीपल और बरगद के वृक्ष पर धागा बांधती है, उनकी रक्षा की कामना करती है। मगर आज दुनिया में जो घटित हो रहा है, वह बहुत चिन्ताजनक है। उन्होंने कहा कि पूरी मानवता की रक्षा के लिए भारत को नेतृत्व करना होगा, क्योंकि भारत भूमि से दुनिया में बुद्ध के शान्ति का संदेश का प्रसार हुआ।

सेमिनार में आधार पत्र रखते हुए पूर्व राज्यमंत्री एवं सदस्य विधान परिषद डाॅ0 लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि आज दुनिया विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ी है। मुख्य खतरे रूस युक्रेन युद्ध, मध्यपूर्व में इजराइल-इरान संघर्ष, चीन ताईवान तनाव, खाड़ी देशों में युद्ध की शुरूआत से वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा सकता है। डाॅ0 निर्मल ने कहा कि न्यू स्टार्ट संधि समाप्त हो जाने से अमेरिका रूस के बीच हथियारों की होड़ बढ़ गयी है। चीन-रूस और अमेरिका परमाणु स्टाक बढ़ा रहे है और सीमित परमाणु युद्ध की बाते शुरू हो चुकी है। डाॅ0 निर्मल ने कहा विश्व युद्ध अगर भड़का तो पिछली बार से कहीं ज्यादा विनाशकारी होगा और दुनिया की बड़ी आबादी और जलवायु, पशुपक्षी संकट ग्रस्त होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के लाडले हैं और उन्हें पूरा विश्व अपना नेता मानता है। इसलिए प्रधानमंत्री के युद्ध नहीं बुद्ध के संदेश प्रसारित करने का संकल्प लेना जरूरी है। आज के सेमिनार में डाॅ0 आंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू, मध्य प्रदेश के पूर्व कुलपति डाॅ0 आर0एस0 कुरील, सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री, वरिष्ठ पत्रकार संतोष वाल्मिकी, लोकपाल लखनऊ आर0आर0 जैसवार तथा डिक्की उ0प्र0 के प्रदेश अध्यक्ष मनीष वर्मा, रामचन्द्र पटेल ने भी सेमिनार में अपने विचार व्यक्त किये।

सेमिनार की अध्यक्षता डाॅ0 आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष डाॅ0 लालजी प्रसाद निर्मल तथा संचालन प्रमोद कुमार ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी अमरनाथ प्रजापति, रामचन्द्र पटेल, डाॅ0 सत्या दोहरे, आर0 डी0 राकेश, आई0डी0 यादव, पी0एल0 भारती, करूणा शंकर त्रिपाठी, राघवेन्द्र सिंह, देवमणि सरोज, दिनेश चन्द्र, विजय बाजपेयी सहित सैकड़ों लोगों की सहभागिता रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story