गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब के मां दुर्गा पूजनोत्सव की भव्यता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी : विधायक सौरभ श्रीवास्तव
वाराणसी, 21 सितंबर (हि.स.)। आगामी 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव के मद्देनजर वाराणसी के बंगाली टोला क्षेत्र की गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब की टीम ने सोमवार को बैठक की। बैठक में मां दुर्गा के भव्य पूजनोत्सव की तैयारियों को लेकर गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपनी आवश्यक सलाह रखी। इस दौरान कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब के मां दुर्गा पूजनोत्सव की भव्यता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। क्लब की टीम के साथ अपनी पूरी सहभागिता रहेगी।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आस्था, परंपरा और संस्कृति से जुड़े ऐसे सभी आयोजनों को सुचारु एवं भव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब के पूजनोत्सव में आने वाली प्रत्येक विघ्न-बाधा को दूर करने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा।
काशी की पुरानी परंपरा इस पूजनोत्सव कार्यक्रम से जुड़ी हुई है। मां दुर्गा की कृपा से काशी की सनातन परंपरा और भक्ति का यह उत्सव इस बार और भी भव्य, दिव्य होने जा रहा है। हम सभी मां दुर्गा के भक्तों के मन में अपार श्रद्धा और उत्साह है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

