बाराबंकी : दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद केबिन में लगी आग, चालक-परिचालक जिंदा जले

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी : दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद केबिन में लगी आग, चालक-परिचालक जिंदा जले


बाराबंकी, 28 नवंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 10 बजे दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत के बाद एक ट्रक के केबिन में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि केबिन में फंसे चालक और परिचालक बाहर नहीं निकल सके। दोनों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ ट्रक स्क्रैप लादकर जा रहा था। इसी दौरान दूसरे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा स्क्रैप सड़क पर बिखर गया। टक्कर के बाद ट्रक के केबिन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। उसमें सवार चालक और परिचालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। आग की वजह से दोनों शव बुरी तरह झुलस गए हैं। फिलहाल मृतकों के नाम और पते की जानकारी नहीं हो सकी है।

माती थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वह स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के चलते मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की। पुलिस दूसरे ट्रक और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story