ट्रक—डंपर की भिड़ंत में ड्राइवर की जिंदा जल कर मौत, दोनों वाहन जल कर खाक

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक—डंपर की भिड़ंत में ड्राइवर की जिंदा जल कर मौत, दोनों वाहन जल कर खाक


बाराबंकी, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास ईंट लदे ट्रक और मोरंग से भरे डंपर की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर से दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक और डंपर आग के गोले में तब्दील हो गए। हादसे में ट्रक चालक की केबिन में फंसकर जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों के क्लीनर कूदकर जान बचाने में कामयाब रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। भिड़ंत के साथ ही तेज धमाका हुआ और आग भड़क उठी। मिनटों में लपटों ने दोनों वाहनों को घेर लिया। हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस के अनुसार रात करीब 11 बजे ट्रक संख्या UP 32 KN 5175 ईंट लादकर अहमदपुर, बाराबंकी से महोबा जा रहा था। वहीं डंपर संख्या UP 71 BT 8006 बांदा से मोरंग लेकर बाराबंकी आ रहा था। सतरही के पास दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे में ट्रक चालक धर्मेंद्र पाल, 32 वर्ष, पुत्र रामशरण निवासी मंसूर पुरवा, थाना असंद्रा, बाराबंकी केबिन में फंस गया। आग इतनी तेज थी कि वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। डंपर का क्लीनर रोशन सिंह निवासी उमगरा, थाना ठठिया, कन्नौज और ट्रक का क्लीनर रामनरेश रावत निवासी टेण्वां, थाना कोठी, बाराबंकी कूदकर बाहर आ गए।

सूचना पर हैदरगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक दोनों वाहनों के इंजन पूरी तरह जल चुके थे। हादसे से हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। थाना प्रभारी हैदरगढ़ अनिल कुमार पांडे ने बताया शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story